Welcome to Dr. Virender Sheorain+91 88515 55239info@vasculardoctorindia.comMedanta – The Medicity, Gurugram

बिना सर्जरी के वेरीकोसील का इलाज संभव

वेरीकोसील क्या है, इसके लक्षण क्या हैं, और बिना चीरे के एम्बोलाइजेशन से इसका इलाज कैसे होता है।

By Dr. Virender SheorainTo be reviewed by Dr. Virender Sheorain, MBBS, MD (Radio-Diagnosis), FSIR. Registered with Haryana Medical Council, Reg. No. HN6490First published: Last updated: 6 min readहिंदी
डॉ. वीरेंद्र श्योराण कैथ लैब में अपनी टीम के साथ एक प्रक्रिया के दौरान

संक्षेप में: वेरीकोसील का इलाज सिर्फ दवाओं से नहीं होता, लेकिन इसके लिए हमेशा सर्जरी की जरूरत भी नहीं है। एम्बोलाइजेशन में खराब नसों को अंदर से बंद किया जाता है, लोकल एनेस्थीसिया में, बिना चीरे और बिना निशान के। ज्यादातर मरीज उसी दिन घर जा सकते हैं।

यह लेख आम लोगों में, और खास तौर पर वेरीकोसील (Varicocele) से पीड़ित लोगों में, जागरूकता बढ़ाने के लिए लिखा गया है।

वेरीकोसील के बारे में बात करने में मरीज क्यों झिझकते हैं?

मुझे देश भर से वेरीकोसील के बारे में नियमित रूप से फोन आते हैं। इतने वर्षों में मैंने महसूस किया है कि हमारे देश में आज भी कई मरीज अपने निजी अंगों की समस्या बताने में बहुत शर्म महसूस करते हैं।

कई मरीजों को वेरीकोसील की मूल समस्या समझ में नहीं आती। कई लोगों को “Varicocele” शब्द बोलने में भी कठिनाई होती है, इसलिए वे इसके बारे में खुलकर बात करने में झिझकते हैं।

जब किसी को पता चलता है कि उसे वेरीकोसील है, तो यह उसके और उसके परिवार के लिए किसी सदमे से कम नहीं होता। मन में सबसे बड़ा सवाल उठता है कि इसका इलाज कैसे होगा और कौन करेगा?

हर व्यक्ति पहले अपनी बीमारी को सिर्फ दवा से ठीक करने की कोशिश करता है। सर्जरी से बचने का रास्ता ढूंढना स्वाभाविक है। किसी को भी अनावश्यक सर्जरी और निजी अंग के पास चीरे का निशान पसंद नहीं होता।

वेरीकोसील की बीमारी असल में होती क्या है?

वेरीकोसील पुरुष के वृषण (testicle) और अंडकोश की थैली (scrotum) की नसों की बीमारी है। किसी कारण से जब इन नसों में सूजन आ जाती है और वे फूल जाती हैं, तब वेरीकोसील की समस्या होती है।

इससे कुछ लोगों को अंडकोश में तेज दर्द (scrotal pain) होता है, और कुछ को संतान होने में दिक्कत (male infertility) आती है। वेरीकोसील के कारण कुछ युवा सेना की शारीरिक परीक्षा में भी बाहर हो जाते हैं।

किस उम्र के पुरुषों को वेरीकोसील होता है?

आमतौर पर 15 से 40 वर्ष की उम्र के पुरुषों को वेरीकोसील होता है।

इन नसों में वाल्व होते हैं, जो खून को वृषण और अंडकोश से दिल की ओर ले जाते हैं। जब ये वाल्व ठीक से काम करना बंद कर देते हैं, तो खून एक ही जगह जमा होने लगता है। इससे वृषण के आसपास की नसें फूल जाती हैं।

इस समस्या से कुछ समय बाद वीर्य कम बनने लगता है और उसकी गुणवत्ता भी घट सकती है। अध्ययनों के अनुसार, इलाज के बाद अधिकतर मरीजों को दर्द से राहत मिलती है, और कई मरीजों में वीर्य की गुणवत्ता में सुधार होता है।

वेरीकोसील के लक्षण क्या होते हैं?

वेरीकोसील के लक्षण व्यक्ति की उम्र और काम के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं।

  • कुछ मरीजों को कोई तकलीफ नहीं होती, जबकि कुछ को इतना दर्द होता है कि वे खड़े भी नहीं रह पाते।
  • कई बार भारी सामान उठाने पर लक्षण उभर आते हैं।
  • युवा अक्सर भारी काम, दौड़ने, ऊंचे सुर में गाने, जिम, स्क्वैश, व्यायाम या लंबी यात्रा के बाद अंडकोश में दर्द की शिकायत करते हैं।
  • कई युवा सेना की शारीरिक जांच में वेरीकोसील के कारण बाहर हो जाते हैं, और सेना में भर्ती होने का उनका सपना टूट जाता है।

वेरीकोसील के इलाज के तरीके क्या हैं?

शोध से यह साफ है कि वेरीकोसील का इलाज सिर्फ दवाओं से नहीं हो सकता। अगर वेरीकोसील तकलीफ देने लगे, तो इलाज जरूरी हो जाता है।

कई अस्पतालों में इसका इलाज ओपन या माइक्रोस्कोपिक सर्जरी से किया जाता है। सर्जरी में यूरोलॉजिस्ट चीरा लगाकर खराब नसों को बांध देते हैं, ताकि खून सही नसों से होकर दिल की ओर लौटे।

सर्जरी के साथ कुछ दिक्कतें हैं, जैसे चीरा लगना, बेहोशी (एनेस्थीसिया) की जरूरत, और ठीक होने में ज्यादा समय लगना। इससे हाइड्रोसील (अंडकोश में पानी भरना) का खतरा भी हो सकता है।

बिना सर्जरी के वेरीकोसील का इलाज कैसे होता है?

बिना सर्जरी के वेरीकोसील के इलाज में एम्बोलाइजेशन (varicocele embolization) एक कामयाब और असरदार तरीका साबित हुआ है। इसमें खराब नसों को अंदर से बंद किया जाता है।

मरीज को कुछ घंटे ही डॉक्टरी निगरानी में रखना पड़ता है। एम्बोलाइजेशन के बाद मरीज उसी दिन घर जा सकते हैं और अपनी दिनचर्या शुरू कर सकते हैं।

वेरीकोसील एम्बोलाइजेशन के दौरान ली गई एक्स-रे तस्वीर (वेनोग्राम), जिसमें खराब नस दिख रही है

एम्बोलाइजेशन के क्या फायदे हैं?

  • एम्बोलाइजेशन पूरी तरह लोकल एनेस्थीसिया में किया जाता है।
  • बेहोश करने वाली दवाओं (जनरल एनेस्थीसिया) की जरूरत नहीं पड़ती।
  • मरीज पूरी तरह जागा रहता है और स्क्रीन पर पूरी प्रक्रिया देख सकता है।
  • प्रक्रिया के दौरान आमतौर पर बहुत कम तकलीफ होती है।
  • कोई चीरा या निशान नहीं आता।
  • उसी दिन अस्पताल से छुट्टी हो जाती है।
  • मरीज उसी दिन से सामान्य काम फिर से शुरू कर सकते हैं।
  • एम्बोलाइजेशन पूरी तरह नस के अंदर से किया जाता है, इसलिए आसपास के हिस्सों में चोट का खतरा सर्जरी से कम होता है।
  • इसके नतीजे सर्जरी जैसे ही अच्छे हैं।
  • जिन मरीजों में सर्जरी के बाद वेरीकोसील वापस आ गया, उनका इलाज भी एम्बोलाइजेशन से किया जाता है।
  • हर कदम एक्स-रे में देखकर किया जाता है, जिससे कोई खराब नस छूटने की संभावना कम होती है और साइड इफेक्ट बहुत कम होते हैं।

डॉ. वीरेंद्र श्योराण

एम्बोलाइजेशन के असली चरण ओपीडी परामर्श के दौरान विस्तार से समझाए जाते हैं।

वेरीकोसील हो तो क्या करें?

वेरीकोसील के सभी मरीजों को मेरी सलाह है कि अपनी समस्या को लेकर शर्मिंदा न हों। किसी वैस्कुलर और इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी विशेषज्ञ से मिलें, और अपनी समस्या व इलाज के विकल्पों के बारे में विस्तार से बात करें।

यह सामान्य जानकारी है। अपनी स्थिति के बारे में सलाह के लिए कृपया डॉक्टर से परामर्श करें।

Written by Dr. Virender Sheorain

Director, Peripheral Vascular & Endovascular Sciences, Medanta – The Medicity, Gurugram. MBBS, MD (Radio-Diagnosis), FSIR (USA). Trained at AIIMS New Delhi and in three fellowships in the USA.

Read Dr. Sheorain's profile →

This is general information. Please consult the doctor for advice about your condition.

Keep reading

Related articles

  • एड़ी में दर्द क्यों होता है? (Edi Mein Dard Ka Karan aur Ilaj)

    सुबह पहला कदम रखते ही एड़ी के नीचे तेज़ दर्द ज़्यादातर प्लांटर फ़ेशियाइटिस (एड़ी के नीचे की पट्टी में सूजन) की वजह से होता है, और ज़्यादातर लोगों में यह आराम, स्ट्रेचिंग और सही जूतों से कुछ महीनों…

    लेख पढ़ें →
  • Uterine Fibroid Meaning in Hindi: बच्चेदानी में गांठ (फाइब्रॉइड) क्या है?

    यूटेराइन फाइब्रॉइड बच्चेदानी (गर्भाशय) की मांसपेशी में बनने वाली गांठ है, जो ज़्यादातर कैंसर वाली नहीं होती। कई महिलाओं को इलाज की ज़रूरत नहीं…

    लेख पढ़ें →
  • वैरीकोसेल क्या है? लक्षण, ग्रेड और बिना चीरे का इलाज

    वैरीकोसेल अंडकोष के ऊपर की नसों की सूजन है, कुछ वैसी ही जैसे पैरों में वैरिकोज़ वेन्स होती हैं। कई मामलों में इलाज की ज़रूरत नहीं पड़ती; दर्द, बच्चे की प्लानिंग में दिक्कत या अंडकोष छोटा होने पर डॉ.…

    लेख पढ़ें →